नगर पालिका चुनाव 2026: नरेंद्रनगर- मतदान दिवस पर सवेतन सार्वजनिक अवकाश घोषित
9 जून को मतदान के लिए कर्मचारियों, मजदूरों और कारीगरों को मिलेगा सवेतन अवकाश, बैंक और कोषागार भी रहेंगे बंद
टिहरी गढ़वाल, 8 जून 2026, SKS News।
नगर पालिका परिषद नरेन्द्रनगर के सामान्य निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत राज्य सरकार द्वारा मतदान दिवस पर सवेतन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय मतदाताओं को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का निर्बाध प्रयोग करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है।
श्री राज्यपाल द्वारा निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 (एक्ट संख्या-26) की धारा 25 के अंतर्गत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए तथा राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के क्रम में 09 जून 2026 (मंगलवार) को मतदान दिवस के अवसर पर संबंधित क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका परिषद नरेन्द्रनगर क्षेत्रान्तर्गत निवास करने वाले तथा शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, अर्द्ध-सरकारी निकायों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों, कारीगरों एवं मजदूरों को मतदान हेतु सवेतन सार्वजनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवकाश का उद्देश्य अधिकाधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाना है।
बैंक, कोषागार और उपकोषागार भी रहेंगे बंद
मतदान दिवस के अवसर पर निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी बैंक, कोषागार एवं उपकोषागार भी बंद रहेंगे। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने मताधिकार का प्रयोग कर मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।
