नगर पालिका परिषद चंबा के सामुदायिक भवन का लोकार्पण, अध्यक्ष सुमन रमोला ने गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया जनता को समर्पित
विचार गोष्ठी का किया गया लोकार्पण कार्यक्रम में आयोजन।
तीन पूर्व अध्यक्ष तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति हुये कार्यक्रम में शामिल
अध्यक्ष सुमन रमोला, सभासद शक्ति जोशी और अधिशासी अधिकारी का रहा सराहनीय योगदान
चम्बा, सो.ला.सकलानी ‘निशांत’: नगर क्षेत्र चंबा के बुराशबाड़ी, वार्ड नंबर 7 (गजा रोड) स्थित सामुदायिक भवन का आज विधिवत लोकार्पण हुआ। अध्यक्ष सुमन रमोला ने समस्त सभासदों, गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में यह सामुदायिक भवन जनता को समर्पित किया। शहर के अनेकों गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम के साक्षी रहे।
कई वर्षों से पूर्व अध्यक्ष विक्रम पंवार के कार्यकाल में इस भवन का शिलान्यास हुआ था जो कि कोविड-19 महामारी के कारण धीमी गति से निर्माणाधीन रहा। कोविड काा के बाद सामुदायिक भवन को भव्य रूप देने के लिए नगर पालिका परिषद ने कोशिश की और नगर क्षेत्र में एक सुंदर सभागार जन उपयोग के लिए सम्मुख आया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए धार्मिक अनुष्ठान के साथ पूजा- प्रार्थना, रिबन काटने और दीप प्रज्वलित कर किया गया। अधिशासी अधिकारी उपेंद्र तिवारी ने प्रवेश द्वार पर अपने कर्मचारियों के साथ अतिथियों का सम्मान और माला पहनाकर स्वागत किया गया। संबंधित वार्ड के सभासद शक्ति प्रसाद जोशी ने विस्तार से इस सामुदायिक भवन के बारे में अवगत कराया तथा इसमें योगदान देने वाले समस्त लोगों का नगर पालिका की ओर से धन्यवाद किया।
अध्यक्ष सुमन रमोला ने कहा कि इस प्रकार के अनेकों कार्य उनके कार्यकाल में गतिमान हैं। नगर पालिका परिषद का बैठक रूम इसका एक उदाहरण है। आगे भी जनहित तथा जनउपयोग के लिए इस प्रकार के सभागारों का प्रत्येक वार्ड में निर्माण किया जाएगा। उनका हमेशा यह ध्येय रहा है कि लोगों की सुविधा के अनुसार समाजोपयोगी निर्माण कार्य अबाध रूप से आगे बढें। पूर्व अध्यक्ष पियूष उनियाल ने अपने द्वारा आरंभ किए गए कार्यों को गति देने के लिए अपने पश्चात के समस्त नगरपालिका अध्यक्षों का गति देने के लिए धन्यवाद किया।
पूर्व अध्यक्ष सूरज राणा और विक्रम पंवार ने नगर क्षेत्र में अच्छे कार्य किये जाने पर हर्ष व्यक्त किया। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कवि सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने कविताओं के माध्यम से नगर में गतिमान निर्माण कार्य, स्वच्छता, कूड़ा निदान तथा विकासवादी सकारात्मक परिणाम को प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वयोबृद्ध समाज सेवी और पेंशनर संगठन के अध्यक्ष जय सिंह नेगी, पूर्व मंत्री (दर्जाधारी) अतर सिंह तोमर, डॉ. सुंदरलाल थपलियाल, पूर्व जेष्ठ प्रमुख नरेंद्र चंद रमोला, पूर्व जेष्ठ प्रमुख साब सिंह सज्वाण, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष देव सिंह पुंडीर, संरक्षक इंद्र सिंह नेगी, उत्तम रावत, ब्रांड एंबेसडर जगमोहन चौहान, सभासद सुनैना शाह, विजयलक्ष्मी चौहान, प्रशांत उनियाल, शिब्बी भंडारी,जे.एस नेगी, निवेदिता पंवार, सत्यपाल गुसाईं, रवि गुसाईं, रविंद्र नेगी, चिंतामणि थपलियाल, प्रेमदत्त थपलियाल, कृष्ण प्रसाद सेमवाल, ओमप्रकाश तिवारी, शरद पुंडीर आदि बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
