नरेंद्रनगर (फ़कोट) में बीडीसी बैठक सम्पन्न, जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और डीएम नितिका खण्डेलवाल की मौजूदगी में पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठे
टिहरी गढ़वाल, 19 मई 2026 | SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल अंतर्गत विकासखंड नरेंद्रनगर (फ़कोट) में मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन सिंह खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय खंडूरी एक जांबाज सैनिक और समर्पित जनसेवक थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन प्रदेश और देश की सेवा को समर्पित किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर मंथन
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों पर बिंदुवार चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग, पेयजल, ग्राम्य विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित समस्याएं उठाईं।
कैबिनेट मंत्री और जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
पेयजल और सड़क समस्याएं बनी प्रमुख मुद्दा
ग्राम सभा बवाणी की प्रधान रिंकी पुण्डीर ने सदन में पेयजल एवं सड़क समस्याओं से संबंधित प्रस्ताव रखा। वहीं देवलघार क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र भण्डारी ने हिन्डोलाखाल-शिवपुरी मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सड़क की हालत बेहद खराब है और पीएमजीएसवाई को कार्य में तेजी लानी चाहिए।
उन्होंने राइका देवलधार में शिक्षकों की आपसी गुटबाजी का असर छात्रों पर पड़ने की शिकायत भी की।
ग्राम सभा आम पाटा के प्रधान भगत सिंह भण्डारी ने पिछली बीडीसी बैठक में उठाए गए मुद्दों का अब तक समाधान न होने पर नाराजगी व्यक्त की।
वहीं ग्राम पंचायत गैण्डी के प्रधान कलम सिंह नेगी ने दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन पर अभी तक कार्य शुरू न होने की शिकायत रखी।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी उठी मांग
ग्राम प्रधान निगेर कान्ता देवी एवं प्रधान रणाकोट भगवान सिंह ने अपने गांवों में पेयजल संकट का मुद्दा उठाया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य सपना देवी ने खाड़ी पीएचसी की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए भवन के शीघ्र सुधार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किए जाने की मांग की।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख गीता दवांण, कनिष्ठ उप प्रमुख दुर्गा रावत, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधानों के साथ डीएफओ टिहरी पुनीत तोमर, डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष, बीडीओ श्रुति वत्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
