SOS बालग्राम बौराड़ी में शुरू हुए दो नए फैमिली होम, समिति ने किया निरीक्षण
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बच्चों की देखभाल, शिक्षा और पारिवारिक वातावरण की सराहना की
टिहरी गढ़वाल, 19 मई 2026 | SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल स्थित SOS चिल्ड्रन्स बालग्राम बौराड़ी में बच्चों के लिए दो नए फैमिली होम शुरू किए गए हैं। मंगलवार को अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने समिति के साथ हाउस नंबर 4 एवं हाउस नंबर 5 का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों की देखभाल एवं पारिवारिक वातावरण का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान समिति ने बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सकारात्मक पहल बताया।
पारिवारिक वातावरण में हो रहा बच्चों का सर्वांगीण विकास
SOS बालग्राम भारत अपने Family Like Care (FLC) Program के माध्यम से बच्चों को पारिवारिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित पालन-पोषण, स्वास्थ्य सुविधाएं और भावनात्मक सहयोग प्रदान कर रहा है। संस्था बच्चों के सुरक्षित एवं सकारात्मक भविष्य के निर्माण के लिए कार्य कर रही है।
इसके साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न शैक्षिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन भी नियमित रूप से किया जा रहा है।
22 राज्यों में संचालित हैं सेवाएं
SOS चिल्ड्रन्स विलेज भारत देश के 22 राज्यों में अपनी सेवाएं संचालित कर रहा है। वहीं SOS बालग्राम बौराड़ी अपने Family Strengthening Program (FSP) के माध्यम से मुस्लिम मोहल्ला, केमशारी, निर्मला आवास सहित विभिन्न समुदाय क्षेत्रों के लगभग 350 बच्चों को विभिन्न सुविधाएं प्रदान कर रहा है।
दो नए फैमिली होम बने बच्चों के लिए नया सहारा
आज SOS बालग्राम बौराड़ी के Family Like Care Program में दो नए फैमिली होम — हाउस नंबर 4 एवं हाउस नंबर 5 — जोड़े गए। समिति ने दोनों नए फैमिली होम का निरीक्षण कर बच्चों के लिए बनाए गए पारिवारिक माहौल और देखभाल व्यवस्था की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. रीना सिंह (मनोवैज्ञानिक), डॉ. बृजेश डोभाल (एसीएमओ), प्रेम सिंह मंगाई (अधिवक्ता), अमिता रावत (जेजेबी सदस्य), पूनम खंड (शिक्षा अधिकारी), नवीन भट्ट (संरक्षण अधिकारी), सुखदेव बहुगुणा (विधि परामर्श शिक्षा अधिकारी), शशांक चतुर्वेदी (AVD, SOS चिल्ड्रन्स विलेज बौराड़ी), साक्षी (एजुकेशनल को-वर्कर) एवं निशा पांडेय (FSP सीनियर को-वर्कर) उपस्थित रहे।
