लंबगांव हत्याकांड में टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सचिन पंवार और सुमित प्रसाद गिरफ्तार
अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार, SSP श्वेता चौबे स्वयं कर रही हैं मामले की निगरानी; फोरेंसिक जांच से जुटाए गए महत्वपूर्ण साक्ष्य
टिहरी गढ़वाल, 11 जून 2026 | SKS News
थाना लंबगांव क्षेत्र में दलित युवक की हत्या के संबंध में दर्ज मुकदमे में टिहरी पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के नेतृत्व में लंबगांव हत्याकांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में दर्ज मुकदमा मु0अ0सं0-09/2026 धारा 103(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP श्वेता चौबे ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए विवेचना क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी थी। पुलिस के अनुसार SSP स्वयं जांच की प्रगति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक जांच सुनिश्चित की जा रही है।
विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर फरार चल रहे तीसरे आरोपी सचिन पंवार पुत्र प्यार सिंह पंवार (27 वर्ष), निवासी खोलगढ़ वल्ला, प्रतापनगर को गुरुवार सुबह लगभग 8:30 बजे चौंधार तिराहा लंबगांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वह घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन का चालक था।
इसके अतिरिक्त चौथे आरोपी सुमित प्रसाद पुत्र सुरेशानन्द (21 वर्ष), निवासी ग्राम धान्यो, मयाली, थाना अगस्त्यमुनि, जनपद रुद्रप्रयाग को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार वह मुख्य आरोपी यशवीर सिंह पंवार के साथ जेसीबी मशीन पर कार्य करता था तथा खोलगढ़ स्थित उसके मकान में किराये पर रह रहा था। उसे पुलिस टीम ने उक्त मकान से गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने के बाद उन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
मामले की वैज्ञानिक जांच को और मजबूत बनाने के लिए 10 जून 2026 को विशेषज्ञ फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण भी किया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनका परीक्षण जारी है।
SSP श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा विवेचना के दौरान सामने आने वाले प्रत्येक तथ्य और साक्ष्य के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मामले से संबंधित किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।
