न्याय पंचायत नकोट के ग्राम छाती में किसान महोत्सव आयोजित, उद्यान व सहकारिता विभाग नदारद, प्रतिनिधियों ने जताया रोष
महोत्सव में न्याय पंचायत के चार दर्जन से अधिक कास्तकारों ने किया प्रतिभाग
महोत्सव में कृषि एवं रेखीय विभागों ने दी सरकारी योजनाओं के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी
नई टिहरी। मखलोगी प्रखण्ड के न्याय पंचायत नकोट अंतर्गत श्रीमहादेव ग्राम छाती में कृषि एवं रेखीय विभागों के तत्वावधान में न्याय पंचायत स्तरीय रबी कृषक महोत्सव 2023 का आयोजन किया गया। इस न्याय पंचायत स्तरीय महोत्सव में कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग कर विभागीय योजनाओं के संदर्भ में किसानों को जानकारी प्रदान की। जबकि उद्यान एवं सहकारिता विभाग महोत्सव से नदारद रहा।
जिला पंचायत सदस्य सत्येन्द्र सिंह धनोला के मुख्य अतिथित्व एवं प्रधान ग्राम पंचायत छाती विनोद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस किसान महोत्सव में उद्यान एवं सहकारिता विभाग की गैर मौजूदगी पर जिला पंचायत सदस्य सत्येन्द्र सिंह धनोला ने कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि गैर जिम्मेदाराना विभागो ंके प्रति सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गैर जिम्मेदाराना विभागों की मनमानी के चलते सरकारी योजनाओं का लाभ जनता को नहीं मिल पाता है और इस प्रकार के कार्यक्रमों पर अनावश्यक सरकारी धन का दुरुपयोग हो जाता है।
ग्राम फैगुल, पलाम, नकोट, कोठी तल्ली, कोठी मल्ली आदि समेत अनेक गांवों के चार दर्जन से अधिक कास्तकारों एवं महिला पशुपालकों से खचाखच भरे श्रीमहादेव मन्दिर प्रांगण में फैगुल के प्रगतिशली कास्तकार भैरवदत्त बडोनी ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। जिनका हर संभव समाधान महोत्सव में मौजूद सहायक कृषि अधिकारी शूरवीर असवाल से करने का प्रयास किया। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि पूर्व सूबेदार भूपेन्द्र धनोला ने किसानों एवं पशुपालकों से विभागों द्वारा प्रदान की जा रही योजनाओं का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
सहायक कृषि अधिकारी शूरवीर सिंह असवाल ने कृषि विभाग द्वारा कास्तकारों के हित में प्रदान की जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी महोत्सव में दी गई। विभिन्न कृषि यंत्रों पर दी जा रही छूट के बारे में उन्होंने विस्तार से कास्तकारों को अवगत कराया।
पशु चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक पैन्यूली ने पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं से पशुपालकों का अवगत करवाया गया। उन्होंने पशुओं को होने वाले रोगों एवं उनके निदान की भी जानकारी पशुपालकों को प्रदान की। इस मौके पर पशुपालन विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा अपने स्टाल लगाये गए।
इस मौके पर कृषि विभाग से सहायक कृषि अधिकारी शूरवीर सिंह असवाल, सहायक कृषि अधिकारी कु. सोनम त्रिवेदी, ब्लाक तकनीकी प्रबंधक अमित रावत, रमेश राणा, बलबीरसिंह मखलोगा, पशुपालन से पशु चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक पैन्यूली, फार्मासिस्ट अनिल कुमार चमोली, किशन सिंह मनराल, विनोद, प्रधान फैगुल भगवान सिंह धनोला, प्रधान माणदा भगवान सिंह बिष्ट, समाजसेवी पुरुषोत्तम उनियाल, आंचल दूध के प्रतिनिधि, विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम पंचायत सदस्य, गांवों के गणमान्य व्यक्ति भारी संख्या में मौजूद रहे।
