विभाजन विभीषिका की चुनौतियों को बदले की भावना से नहीं, बदलाव की सोच से हल करना होगा: प्रो. विजय सिंह नेगी
राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि सभा, वृतचित्र प्रदर्शन और क्विज प्रतियोगिता आयोजित
नरेंद्रनगर, 14 अगस्त 2026। भारत-पाकिस्तान विभाजन (14 अगस्त 1947) की त्रासदी की स्मृतियों को याद करते हुए राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में शुक्रवार को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम में विभाजन के दौरान मारे गए लाखों निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा विद्यार्थियों को उस दौर की घटनाओं से सीख लेकर मानवता, शांति और सामाजिक सद्भाव की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी ने कहा कि 14 अगस्त 1947 को भारत-पाकिस्तान विभाजन के कारण व्यापक नरसंहार, विस्थापन एवं अमानवीय घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि मानवता के हित में इन स्मृतियों को बदले की भावना से नहीं, बल्कि बदलाव की सोच के रूप में स्वीकार कर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
‘वीरों की दीवार’ पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
कार्यक्रम से पूर्व प्राचार्य के नेतृत्व में महाविद्यालय परिवार ने ‘वीरों की दीवार’ के सम्मुख वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद रूसा सभागार में दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा विभाजन के दौरान मारे गए लाखों निर्दोष लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।
कार्यक्रम का प्रारंभिक उद्बोधन पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय के प्राध्यापक डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल ने किया। उन्होंने विभाजन विभीषिका की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभाजन के दंश से समाज को सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए, ताकि देश की प्रगति और विकास की गति और तेज हो सके।
विभाजन की घटनाओं से सीख लेने पर जोर
पर्यटन विभाग प्रभारी डॉ. संजय महर ने विभाजन की घटनाओं को नृशंस बताते हुए कहा कि ऐसी ऐतिहासिक त्रासदियों से सीख लेना आवश्यक है, ताकि भविष्य में मानवता को ऐसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
बीसीए विभाग प्रभारी डॉ. देवेंद्र कुमार एवं तकनीकी सहायक अजय पुंडीर के सहयोग से विभाजन से जुड़ी मार्मिक एवं आंखों-देखी घटनाओं पर आधारित वृतचित्र का प्रदर्शन किया गया। वृतचित्र के माध्यम से उपस्थित लोगों को विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन और त्रासदी से परिचित कराया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. दिलीप बिष्ट, डॉ. सुशील कुमार कगडियाल, डॉ. विजय प्रकाश भट्ट एवं डॉ. भारती जायसवाल ने भी विभाजन विभीषिका और उसके सामाजिक प्रभावों पर अपने विचार रखे।
क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के अंतर्गत गणित विभाग प्रभारी डॉ. इमरान अली की संयोजकता में विद्यार्थियों के लिए लिखित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में आदित्य रावत, अंकित कंडारी, आयुष रावत एवं प्रियंका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आदित्य सिंह, स्वाती एवं हिमानी द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि पूजा एवं करीना ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
देशभक्ति गीत ने बांधा समां
बीएससी गृह विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. सोनी तिलारा ने देशभक्ति का मधुर गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल ने किया।
