परिवार दिवस पर बौराड़ी में डिजिटल लर्निंग सेंटर का शुभारंभ, 40 बच्चों को मिलेगा कंप्यूटर प्रशिक्षण
एसओएस चिल्ड्रेन्स विलेजेज इंडिया की पहल से वंचित बच्चों को मिलेगा डिजिटल शिक्षा का अवसर
टिहरी गढ़वाल, 16 मई 2026 | SKS News
अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर SOS Children’s Villages India द्वारा बौराड़ी क्षेत्र में डिजिटल लर्निंग सेंटर (DLC) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ऋषि कुमार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पंवार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वंचित बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल
डिजिटल लर्निंग सेंटर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों और युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा एवं डिजिटल साक्षरता से जोड़ना है। प्रथम बैच में 40 बच्चों एवं युवाओं का नामांकन किया गया है, जिन्हें डिजिटल कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। संस्था द्वारा कमजोर एवं संवेदनशील वर्ग के बच्चों को प्राथमिकता दी जा रही है।
संस्था वर्तमान में बौराड़ी क्षेत्र के छह क्लस्टरों—केमसारी टिन शेड, पीपली गांव, निर्मल आवास, जसपुर गांव, मुस्लिम मोहल्ला एवं बाल्मीकि बस्ती—में कार्य कर रही है तथा लगभग 350 बच्चों तक अपनी सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
परिवार दिवस कार्यक्रम में जुटे बच्चे और अभिभावक
डिजिटल लर्निंग सेंटर के उद्घाटन के बाद परिवार दिवस कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें करीब 150 बच्चों एवं अभिभावकों ने सहभागिता की।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल साक्षरता अत्यंत आवश्यक हो गई है और यह पहल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद सराहनीय है। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष ऋषि कुमार ने कहा कि परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है तथा सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण बच्चों के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।
आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
सुमंत कर ने कहा कि डिजिटल साक्षरता आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह केंद्र बच्चों को बेहतर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मदद करेगा।
उल्लेखनीय है कि SOS Children’s Villages India वर्ष 1964 से बच्चों के संरक्षण, शिक्षा एवं परिवार सुदृढ़ीकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है और देशभर में हजारों बच्चों एवं परिवारों को सहयोग प्रदान कर रही है।
