प्रधानमंत्री 24 फरवरी 2025 को जारी करेंगे पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त
किसानों के लिए एक और राहत, दोपहर 2:00 बजे होगा एलान
नई दिल्ली: भारत के कृषि क्षेत्र के उत्थान और किसानों की भलाई के लिए माननीय प्रधानमंत्री 24 फरवरी 2025 को दोपहर 2:00 बजे पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे। यह महत्वपूर्ण किस्त सीधे पात्र किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी, जिससे करोड़ों किसान लाभान्वित होंगे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि तीन किस्तों में दी जाती है, जिससे किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधनों में मदद मिलती है। 19वीं किस्त जारी होने से कृषि विकास को और गति मिलेगी।
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम किसान योजना से किसानों को सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र की मजबूती के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्र सरकार ने इस योजना के तहत लाखों किसानों को लाभान्वित किया है, और आगामी 19वीं किस्त उनके जीवन स्तर में सुधार करने और कृषि में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जारी की जा रही है। प्रधानमंत्री का यह कदम किसानों के लिए उम्मीद की नई किरण साबित होगा।
