‘प्रोजेक्ट टुडे सिक्योर टुमारो’ थीम पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्वच्छता जागरूकता अभियान, नई टिहरी में सामूहिक सफाई
नई टिहरी | 03 जनवरी 2026
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी द्वारा नगर पालिका परिषद नई टिहरी के सभागार में स्वच्छता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘प्रोजेक्ट टुडे सिक्योर टुमारो’ रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता सचिव, विधिक सेवा प्राधिकरण (सिविल जज सीनियर डिवीजन) डॉ. आलोक राम त्रिपाठी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के न्यायिक व कानूनी पक्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्य में प्रत्येक व्यक्ति की जवाबदेही है, क्योंकि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की बुनियाद है।
डॉ. त्रिपाठी ने पर्यावरण मित्रों की सेवाओं को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि वे समाज के सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने कूड़ा निस्तारण, जैविक एवं अजैविक कचरे के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) तथा कूड़े को केवल कूड़ावाहन या निर्धारित स्थल पर ही डालने का आह्वान किया। साथ ही प्रदूषण फैलाने वालों के विरुद्ध पर्यावरण कानूनों की विभिन्न धाराओं का उल्लेख करते हुए चेताया कि नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना, सजा या दोनों हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता अभियान को नई दिशा मिली है। शासन, न्यायालय और समाजसेवियों के संयुक्त प्रयास से ही शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण संभव है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी जानकारी और सहायता प्रदान करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के समानता अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने की। उन्होंने नगर पालिका द्वारा स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण और शहर सौंदर्यीकरण हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी तथा पर्यावरण मित्रों और कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना की।
अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल ने भी नगर पालिका की स्वच्छता योजनाओं, कूड़ा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता (रिटेनर) राजपाल सिंह मिंया, सफाई निरीक्षक प्रीतम सिंह नेगी, विधिक सेवा प्राधिकरण के न्याय मित्र, नगर पालिका के समस्त कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्वच्छता मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं नगर पालिका परिषद द्वारा सामूहिक स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
