🏞️ चंबा के वार्ड संख्या 09 में वन भूमि पर बनेगा जैव विविधता संरक्षण का केंद्र, स्थानीय युवाओं को मिलेगा स्वरोज़गार का अवसर
बादशाहीथौल (चंबा), टिहरी गढ़वाल।
चंबा नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 09 में स्थित “पक्षी कुंज” को अब ईको पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। वर्तमान में वन विभाग के अधीन इस भूमि को पर्यावरणीय और पर्यटन की दृष्टि से एक नए रूप में संवारा जाएगा।
इस प्रस्ताव को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों—नमामि गंगे टिहरी के जिला संयोजक अक्षत पवन बिजल्वाण, सभासद दीपक गुनसोला और सभासद गौरव फोदनी—ने माननीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री सुबोध उनियाल से औपचारिक भेंट कर अनुरोध पत्र सौंपा।
माननीय मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए तत्काल डीएफओ टिहरी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं, जिससे “पक्षी कुंज” को शीघ्र ही ईको पार्क के रूप में विकसित किया जा सके।
ईको पार्क बनने से न केवल चंबा और बादशाहीथौल क्षेत्र में पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होंगी, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोज़गार के नए रास्ते भी खुलेंगे। यह पहल क्षेत्र की आर्थिकी को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
इस प्राकृतिक स्थल का रूपांतरण जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता, पारिवारिक पर्यटन और शैक्षिक भ्रमणों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। भविष्य में यह स्थल उत्तराखंड के एक प्रमुख ईको-पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा।
