महाशिवरात्रि पर छाती, कोटेश्वर एवं कुंजेश्वर महादेव में उमड़ा शिवभक्तों का हुजूम, भण्डारे में भड्डू की दाल भात का शिवभक्तों ने किया रसास्वादन
टिहरी, उत्तराखंड। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर टिहरी जनपद स्थित शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विशेषकर पौराणिक शिवालय छाती, कोटेश्वर और कुंजेश्वर महादेव में शिवभक्तों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
भण्डारे में भड्डू की दाल-भात का प्रसाद
इस महाशिवरात्रि पर अधिकांश शिवालयों में पारंपरिक भोजन भड्डू की दाल-भात का भण्डारा आयोजित किया गया। छाती के श्रीमहादेव ग्राम के शिवालय में मंदिर समिति और स्थानीय युवाओं द्वारा इस विशेष प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। रसोइया चिरंजी बिजल्वाण ने भक्तों को भड्डू की दाल-भात का स्वाद चखाया, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़े प्रेम से ग्रहण किया।
विधायक किशोर उपाध्याय की उपस्थिति और घोषणा
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय ने श्रीमहादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और 5 लाख रुपये मंदिर के पास भवन निर्माण के लिए आबंटित करने की घोषणा की। भूमि हेतु उन्होंने निर्धारित स्थल पर भूमि पूजन कर शिलान्यास भी किया। इसके साथ ही, उन्होंने मंदिर के पास मोटर मार्ग पर हैंडपंप निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने भवन निर्माण कार्य हेतु भूमि दान दाता श्री विजय सिंह चौहान को टोली नायक बनाया।
आपको बताते चलें कि विधायक किशोर उपाध्याय इससे पूर्व भी दो बार इस शिवालय प्रांगण क्षेत्र में टिन सेड निर्माण समेत बारात घर निर्माण हेतु घोषणा कर चुके हैं, मगर आतिथि तक इन घोषणाओं को धरातल पर नहीं उतारा जा सका है। अब देखना यह है कि आज की घोषणा कब तक अमल में लायी जाती है। यह विधायक जी की कृपापात्रता पर निर्भर है।
रिपोर्ट: अनुराग चौहान, सरहद का साक्षी
