मातृत्व दिवस पर टिहरी पुलिस की अनूठी पहल, महिला पुलिस कर्मियों के समर्पण को किया सम्मानित
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा—महिलाएं मातृत्व और कर्तव्य दोनों जिम्मेदारियां निभाकर समाज के लिए बन रही प्रेरणा
स्थान: टिहरी गढ़वाल
SKS न्यूज़ रिपोर्ट:
मातृत्व दिवस के अवसर पर टिहरी पुलिस द्वारा महिला पुलिस कर्मियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा तथा मातृत्व की भूमिका को सराहते हुए उन्हें प्रेरित और सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्वेता चौबे ने महिला पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा और मातृत्व जैसी दोहरी जिम्मेदारियों को निभाना आसान नहीं होता, लेकिन महिलाएं अपने धैर्य, साहस और समर्पण से इन दोनों भूमिकाओं में उत्कृष्ट संतुलन स्थापित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिला पुलिस अधिकारी केवल अपने परिवार तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि ड्यूटी के दौरान कई बार असहाय और जरूरतमंद बच्चों के लिए “दूसरी मां” की भूमिका भी निभाती हैं। यह समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश है कि महिलाएं अपने कर्तव्यों और मातृत्व दोनों को समान मजबूती और गरिमा के साथ निभा सकती हैं।
एसएसपी ने कहा कि महिला पुलिस कर्मियों का योगदान समाज और पुलिस विभाग दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल पेश करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस कार्मिकों को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई। साथ ही मातृत्व दिवस के अवसर पर सभी माताओं को शुभकामनाएं और सम्मान प्रेषित किया गया।
टिहरी पुलिस परिवार द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, मातृत्व और सेवा भावना के सम्मान का प्रतीक बनकर सामने आया।
आप सभी को मातृत्व दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
