मखलोगी क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बना रहे चोर, एक ही रात में तीन धार्मिक स्थलों से नगदी चोरी
दान पात्र तोड़कर नगदी ले उड़े अज्ञात चोर, क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत
स्थान: नकोट, टिहरी गढ़वाल
SKS न्यूज़ रिपोर्ट:
टिहरी गढ़वाल जनपद के चम्बा प्रखंड अंतर्गत मखलोगी क्षेत्र में धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने क्षेत्र के तीन मंदिरों को निशाना बनाते हुए दान पात्रों से नगदी चोरी कर ली। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात चोरों ने मंदिरों के ताले तोड़कर अंदर रखे दान पात्रों को क्षतिग्रस्त किया और उसमें रखी नगदी लेकर फरार हो गए। हाल ही में तुंगोली गांव स्थित नागराजा मंदिर में भी इसी तरह की चोरी की घटना सामने आई थी, जहां दान पात्र तोड़कर नगदी चोरी कर ली गई थी।
इसके अलावा मणोगी गांव में स्थित नागराजा मंदिर और नरसिंह मंदिर के दान पात्रों को भी चोरों ने निशाना बनाया। ग्रामीणों के अनुसार मणोगी गांव में दो-तीन बंद पड़े मकानों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास भी किया गया, हालांकि घरों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी क्षति होने से बच गई।
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों तक को निशाना बनाए जाने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
वहीं कुछ दिन पूर्व एक धार्मिक आयोजन के दौरान एक मंदिर परिसर से मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना भी सामने आई थी, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। इससे लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र के मंदिरों का निरीक्षण किया और जल्द ही चोरों का पता लगाने का आश्वासन दिया है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
