मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत गजा क्षेत्र से 31 बुजुर्ग श्रद्धालु जागेश्वर धाम रवाना
जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, दो दिवसीय यात्रा में बुजुर्गों को मिलेंगी निशुल्क सुविधाएं
गजा, टिहरी गढ़वाल, डीपी उनियाल। उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत गजा क्षेत्र से 31 बुजुर्ग श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध जागेश्वर धाम की तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया गया। जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने तीर्थ यात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा सभी श्रद्धालुओं को सुखद, मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना एक सराहनीय एवं जनकल्याणकारी पहल है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर अथवा स्वयं तीर्थ यात्रा करने में असमर्थ बुजुर्गों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से यात्रियों के लिए दो दिवसीय तीर्थ यात्रा के दौरान आवागमन, भोजन, आवास सहित आवश्यक व्यवस्थाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ ही उन्हें सुरक्षित, सुविधाजनक एवं व्यवस्थित तीर्थ यात्रा उपलब्ध कराना है।
‘बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं’
जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। जीवन के इस पड़ाव में उन्हें धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन कराने की पहल सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाओं से बुजुर्गों को आध्यात्मिक संतुष्टि के साथ सम्मान और अपनत्व का अनुभव भी मिलता है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जागेश्वर धाम के दर्शन को लेकर बुजुर्ग तीर्थयात्रियों ने सरकार की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग के दर्शन सिंह पंवार, विपिन चौहान, दर्मियान सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता देवी, प्रधान जयेंद्र चौहान, सभासद जसवंत सिंह चौहान, पूरण सिंह, जबर सिंह नेगी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
