अनुसूचित जाति के 30 बालक-बालिकाओं के लिए जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर 15 अगस्त से
राजकीय इंटर कॉलेज खनाना में 29 अगस्त तक चलेगा विशेष प्रशिक्षण शिविर, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ भोजन, आवास, यात्रा किराया और खेल किट की सुविधा
टिहरी गढ़वाल, 14 अगस्त 2026 । खेल निदेशालय, उत्तराखण्ड, देहरादून के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में जिला क्रीड़ा विभाग नरेंद्रनगर द्वारा अनुसूचित जाति के बालक-बालिकाओं के लिए जिला स्तरीय विशेष एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
यह विशेष प्रशिक्षण शिविर राजकीय इंटर कॉलेज खनाना, नरेंद्रनगर में 15 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा। शिविर में कुल 30 खिलाड़ी, जिनमें 15 बालक एवं 15 बालिकाएं शामिल होंगी।
शिविर में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार विशेष खेल प्रशिक्षण, भोजन, आवासीय सुविधा, आने-जाने का किराया, अनुसांगिक व्यय तथा खेल किट उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही विशेष प्रशिक्षण शिविर में चयनित बालक-बालिकाओं को 03 सितंबर से 17 सितंबर 2026 तक खेल विभाग की देखरेख में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा।
पात्र खिलाड़ियों से प्रशिक्षण शिविर का लाभ उठाने की अपील
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने इच्छुक एवं पात्र बालक-बालिकाओं से विशेष प्रशिक्षण शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा निर्धारित अवधि में प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
संपर्क के लिए दूरभाष नंबर जारी
शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय अथवा व्यायाम शिक्षक पंकज गवाड़ी, राजकीय इंटर कॉलेज खनाना, नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल से संपर्क किया जा सकता है।
संपर्क नंबर: 9410708689
