गैंड वीट टीम ने विद्यालयों में छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी
गजा/टिहरी गढ़वाल (डी.पी. उनियाल) : नरेंद्रनगर वन प्रभाग की गैंड वीट टीम द्वारा विकासखंड फकोट क्षेत्र में मानव–वन्य जीव संघर्ष रोकथाम हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान वन आरक्षी सूरत सिंह गुसाईं के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें वन विभाग की टीम ने विद्यालयों, शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीणों को सुरक्षा एवं सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण दिशानिर्देश प्रदान किए।
अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज भैंस्यारौ, हाई स्कूल रामपुर और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभागीय टीम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को वन्यजीवों के व्यवहार, उनसे सुरक्षा उपायों एवं आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली कार्यवाही के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वन्यजीवों की आवाजाही में वृद्धि, जागरूकता जरूरी
वन आरक्षी सूरत सिंह गुसाईं ने बताया कि वन क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर विवेक जोशी के दिशा-निर्देशन में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में भालू और गुलदार (तेंदुआ) की आबादी क्षेत्र के निकट आवाजाही बढ़ी है, ऐसे में ग्रामीण और विद्यार्थियों को सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।
गुसाईं ने विद्यालयों में कहा कि—
- रात के समय घरों के बाहर लाइटें अवश्य जलती रहें
- आसपास की झाड़ियों की कटाई कर दी जाए
- महिलाएं चारा-पत्ती लेने समूहों में जाएं
- यदि भालू या गुलदार नजर आए तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें
- कैमरा ड्रोन, फोक्स लाइट और गश्त दल के माध्यम से निगरानी की जाएगी
उन्होंने यह भी कहा कि मानव–वन्य जीव संघर्ष का सबसे महत्वपूर्ण उपाय सावधानी, सतर्कता और त्वरित सूचना है।
वन विभाग की सक्रियता और रेस्क्यू अभियान
वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि पिछले महीने खाड़ी, आगराखाल, हिंडोलाखाल, नरेंद्र नगर और मुनीकीरेती क्षेत्र से बंदरों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर चिड़ियापुर सेंटर भेजा गया।
प्रभाग की नरेंद्र नगर और शिवपुरी रेंज में फील्ड स्टाफ लगातार गश्त कर रहा है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
अभियान में ग्राम प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता
जागरूकता कार्यक्रमों में चंद्र शेखर सकलानी, सी.एच. राम, जितेंद्र पंवार, श्रीमती इंदु बहुगुणा, श्रीमती सुनीता बुटोला, नीलम पंवार, जितेंद्र सिंह, श्रीमती बिमला देवी, प्रधान श्रीमती पिंकी रौतेला, सुंदरी देवी, गंभीर सिंह सहित अनेक ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सभी ने वन विभाग की पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण सुरक्षा और जन-जागरूकता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
