प्रतापनगर के मुखमाल गांव में हुकम सिंह का मकान भारी वर्षा के कारण पूरी तरह ढहा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश राणा ने तात्कालिक सहायता की मांग की
टिहरी/प्रतापनगर, 5 अगस्त 2025:
विकासखंड प्रतापनगर के पट्टी उपली रमोली अंतर्गत मुखमाल गांव में रविवार रात भारी बारिश से एक बड़ा हादसा टल गया। गांव के निवासी हुकम सिंह पुत्र रूपचंद सिंह का दो मंजिला आवासीय भवन मूसलधार बारिश की वजह से धराशायी हो गया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल गए, जिससे किसी की जान को कोई नुकसान नहीं हुआ।
हालांकि मकान के भीतर रखा हुआ सारा सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और राशन सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है और अत्यधिक संकट की स्थिति में है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने तत्काल प्रतापनगर के तहसीलदार से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया जाए तथा पीड़ित परिवार को तत्काल राहत स्वरूप त्रिपाल, भोजन सामग्री और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा से कई घरों को खतरा बना हुआ है, जिसको लेकर प्रशासन को सजग रहने की आवश्यकता है।
