टिहरी गढ़वाल में पूरी हुई चयन प्रक्रिया, 12 खेलों में 14 से 23 वर्ष तक के युवाओं को मिली स्कॉलरशिप व उपकरण सहायता।
जनपद टिहरी गढ़वाल में मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना 2025-26 की चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस योजना के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विकासखंडों से कुल 200 युवा खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिन्हें प्रति माह ₹2000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त चयनित खिलाड़ियों के बैंक खातों में ₹10,000 तक की खेल सामग्री सहायता राशि भी दी जाएगी।
योजना का उद्देश्य पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं की खेल प्रतिभा को पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने के लिए प्रेरित करना है। 14 से 23 वर्ष तक के खिलाड़ियों का बैटरी (फिटनेस) टेस्ट और स्किल टेस्ट लिया गया, जिसके आधार पर चयन किया गया।
12 खेलों — एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो-कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी में प्रतिभागियों का चयन किया गया। प्रत्येक खेल से प्रति विकासखंड 4 बालक और 4 बालिकाओं को शामिल किया गया था, जिनमें से 2 बालक और 2 बालिकाएं फाइनल चयनित हुए। विशेष रूप से एथलेटिक्स में 3 बालिकाओं को स्थान मिला।
भिलंगना ब्लॉक की जया डबोला ने योजना को अपने लिए “सपनों को पंख देने वाली” बताते हुए कहा कि वह फिजिकल एजुकेशन टीचर बनकर ग्रामीण बच्चों को खेलों से जोड़ना चाहती हैं। उन्होंने राज्य सरकार और खेल विभाग का आभार जताया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने जानकारी दी कि यह चयन प्रक्रिया 28 अप्रैल से प्रारंभ होकर 30 अप्रैल को पूरी हुई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें 500 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया।
