मुख्यमंत्री धामी से मिले राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, कलजीखाल की जनसमस्याओं पर सौंपी विस्तृत रिपोर्ट
सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों के शीघ्र समाधान का किया अनुरोध, मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई का दिया आश्वासन
देहरादून, 21 जुलाई 2026 | SKS News
रिपोर्ट: डॉ. शोभा राम उनियाल
राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास, देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के विकास एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्तर पर प्रगति से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
भेंट के दौरान अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत विकासखंड कलजीखाल सभागार में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस शिविर में क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
अशोक वर्मा ने कलजीखाल क्षेत्र से संबंधित जनसमस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपते हुए सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े प्रमुख मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “अंतिम व्यक्ति तक विकास” की नीति के अनुरूप कार्य कर रही है तथा पिछड़ा वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
इसके पश्चात अशोक वर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, देहरादून में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार से भी भेंट की। उन्होंने उन्हें कलजीखाल जनसेवा शिविर की रिपोर्ट सौंपते हुए क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं एवं जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार का मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी।
