मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली से सीएम हेल्पलाइन नंबर 1905 की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को लंबित समस्याओं के समाधान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न शिकायतकर्ताओं से संवाद कर उनकी शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लिया जाए और उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी निर्देश दिए कि जनता मिलन और तहसील दिवस का आयोजन नियमित रूप से किया जाए और इन कार्यक्रमों के दौरान दर्ज की जाने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपदों में विभिन्न बहुउद्देशीय शिविरों के आयोजन के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक जनता को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि हर व्यक्ति की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए ताकि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
