यूपीएससी में 66वीं रैंक प्राप्त करने वाली टिहरी की बेटी मीनल नेगी को कांग्रेस नेताओं ने दी शुभकामनाएं
प्रतिभा और परिश्रम से हासिल होता है मुकाम – सजवाण
देहरादून। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 66 प्राप्त कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली टिहरी गढ़वाल जनपद के चंबा ब्लॉक के ग्राम दिवाड़ा की प्रतिभाशाली बेटी मीनल नेगी को विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्तित्वों द्वारा लगातार बधाइयाँ और शुभकामनाएँ दी जा रही हैं।
इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस चंबा के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख एवं अध्यक्ष साब सिंह सजवाण तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता त्रिलोक सिंह सजवाण ने देहरादून के बंजारावाला स्थित उनके निवास पर पहुंचकर मीनल नेगी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर साब सिंह सजवाण ने कहा कि मीनल नेगी की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के दूरस्थ गांव से निकलकर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में इतनी उत्कृष्ट रैंक प्राप्त करना यह सिद्ध करता है कि प्रतिभा, लगन और कड़ी मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मीनल नेगी ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे टिहरी जनपद और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के लोगों का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।
सजवाण ने कहा कि मीनल नेगी की सफलता पहाड़ के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उनकी यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि मन में दृढ़ संकल्प और मेहनत का जज़्बा हो तो बड़े से बड़ा लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने इस अवसर पर मीनल नेगी के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, संस्कार और मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
गौरतलब है कि मीनल नेगी चंबा ब्लॉक के ग्राम दिवाड़ा की निवासी हैं और उनके पिता एक शिक्षक हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी मीनल ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर राकेश रांगड़ और जितेंद्र पुंडीर, शिक्षक संगठन के पूर्व जिला अध्यक्ष परमजीत सिंह सजवाण, संजय बहुगुणा सहित अन्य उपस्थित लोगों ने भी मीनल नेगी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
