राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ
शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए खेलों का महत्व – प्राचार्य प्रो. विजय कुमार अग्रवाल
पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल, 6 मार्च 2025 – राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी में द्वितीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ धूमधाम से हुआ। इस आयोजन का उद्घाटन प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. प्रकाश फोंदणी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. मनवर सिंह रावत, चिकित्सक एवं जनप्रतिनिधि, ने महाविद्यालय की खेल गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय प्रदेश का पहला व्यावसायिक संस्थान है, जो शैक्षणिक कार्यों के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताओं को भी बढ़ावा देता है, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है। विशिष्ट अतिथि श्रीमती शशि अग्रवाल ने सभी प्रतियोगी छात्रों को शुभकामनाएँ दीं।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत या हार के लिए नहीं होते, बल्कि यह छात्रों की शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक क्षमताओं को विकसित करने का माध्यम हैं। उन्होंने छात्रों से खेल-कूद प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सतवीर ने आगामी 6 और 7 मार्च 2025 को आयोजित होने वाले दो दिवसीय खेल-कूद कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्रों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया, जिनमें 100 मीटर दौड़, गोला फेंक, बैडमिंटन, कैरम और शतरंज जैसे खेल शामिल थे।
प्राध्यापक डॉ. दिनेश रावत, डॉ. कल्पना रावत, डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा, डॉ. खिलाप सिंह, डॉ. सतवीर, डॉ. उर्वशी, डॉ. आलोक कंडारी, डॉ. प्रकाश फोंदणी और अन्य शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग दिया।
इस आयोजन के दूसरे दिन, 7 मार्च 2025 को अन्य खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी, और विजेता छात्रों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा।
