महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत के नेतृत्व में कार्यक्रम, नेताओं ने याद किए राजीव गांधी के डिजिटल और पंचायती राज योगदान
टिहरी गढ़वाल, 20 अगस्त 2025।
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, नई टिहरी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष आशा रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राकेश राणा और प्रदेश कांग्रेस महासचिव विजय गुनसोला ने कहा कि कृतज्ञ राष्ट्र अपने महान नेता राजीव गांधी को उनकी जन्म जयंती पर नमन करता है। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त 1944 को जन्मे राजीव गांधी भारत के सातवें और सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने। देश में कंप्यूटर और टेलीकॉम क्रांति का श्रेय उन्हें ही जाता है। उनके कार्यकाल में एमटीएनएल और वीएसएनएल जैसी कंपनियों की स्थापना हुई, जिससे बैंकिंग व दूरसंचार क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत और प्रदेश महासचिव दर्शनी रावत ने कहा कि उस दौर में जब कंप्यूटर बेहद महंगे थे, राजीव गांधी ने ऐसेंबल्ड कंप्यूटर आयात की नीति लागू कर कीमतें कम करवाईं और तकनीक को जनसुलभ बनाया। उन्होंने 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार का अधिकार भी प्रदान किया।
वरिष्ठ महिला कांग्रेस नेत्री शगुफ्ता परवीन और ममता उनियाल ने कहा कि राजीव गांधी के सहयोगी सैम पित्रोदा के साथ मिलकर भारत में सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग (IT Industry) की नींव रखी गई।
शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र नौटियाल और गब्बर सिंह रावत ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने वाले 73वें और 74वें संवैधानिक संशोधन भी राजीव गांधी की ही देन हैं। आज देशभर में लाखों महिलाएं स्थानीय निकायों में प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
नेताओं ने कहा कि नवोदय विद्यालय, इंजीनियरिंग–मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, रेलवे, मेट्रो और एयरपोर्ट जैसे कई क्षेत्रों में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में विजय गुनसोला, देवेंद्र नौटियाल, आशा रावत, ममता उनियाल, शगुफ्ता प्रवीण, अनीता साहा, गब्बर सिंह रावत, जुनैद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
