रानीचौरी में स्वरोजगार को बढ़ावा: पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश धनै ने ‘आराधना धूप अगरबत्ती’ इकाई का किया भ्रमण
जल शक्ति मंत्रालय, दिल्ली में सम्मानित उद्यमियों सुषमा व संजय बहुगुणा को दी शुभकामनाएं
टिहरी गढ़वाल।
पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश धनै ने मानवाधिकार संरक्षण एवं ग्रामीण विकास समिति रानीचौरी की स्वरोजगार इकाई आराधना धूप अगरबत्ती लघु उद्योग का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उद्यमी सुषमा बहुगुणा और संजय बहुगुणा को गणतंत्र दिवस के अवसर पर जल शक्ति मंत्रालय, दिल्ली में सम्मानित होने पर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान दिनेश धनै ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में “वेस्ट टू बेस्ट” पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि युवा स्वरोजगार का प्रशिक्षण लेकर गांवों में छोटे-छोटे उद्योग स्थापित करें तो निश्चित ही पलायन पर रोक लगाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की।
संस्था के अध्यक्ष संजय बहुगुणा ने पूर्व मंत्री का शाल ओढ़ाकर एवं फूल मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने जानकारी दी कि संस्था की इकाई द्वारा सूखे फूलों से धूपबत्ती और अगरबत्ती निर्माण, हर्बल गुलाल तैयार करने तथा चिप्स व कुरकुरे के प्लास्टिक रैपर जैसे अपशिष्ट पदार्थों से गृह सज्जा सामग्री बनाने का कार्य किया जा रहा है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में एक अभिनव प्रयास है।
कार्यक्रम में जेष्ठ प्रमुख संजय मैठाणी, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष देव सिंह पुंडीर, व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह पुंडीर, सैनिक संगठन सचिव कृष्णानंद ममगाईं, बलबीर नेगी, भगवान सिंह राणा, जसपाल रावत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पूर्व मंत्री दिनेश धनै ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहलें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
