वरिष्ठ उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी एवं कांग्रेस नेता स्व. भगवान सिंह रावत को कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
क्यारी चापड़ा गांव पहुंचकर कांग्रेस नेताओं ने शोक संतप्त परिवार को दी सांत्वना, दिवंगत नेता के योगदान को किया याद
चंबा, टिहरी गढ़वाल, 09 जून 2026 | SKS News
विकासखंड थौलधार के क्यारी चापड़ा गांव में वरिष्ठ उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी एवं कांग्रेस नेता स्वर्गीय रुभगवान सिंह रावत के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर चंबा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
स्वर्गीय रुभगवान सिंह रावत, टिहरी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत के पूर्व सदस्य जयवीर सिंह रावत के पिता थे। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई थी और कांग्रेस पार्टी के समर्पित नेता के रूप में समाज एवं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने दिवंगत नेता के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा से जुड़े योगदानों को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष साब सिंह सजवाण, पूर्व प्रमुख सोबन सिंह नेगी, टिहरी विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी नरेन्द्र रमोला, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सूरज राणा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कांग्रेसजनों ने कहा कि स्वर्गीय रुभगवान सिंह रावत का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और समाज सेवा तथा जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
