विशेष गहन पुनरीक्षण में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
छह विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक, समयबद्ध एवं पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश
टिहरी, 16 अगस्त 2026। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने रविवार को कैंप कार्यालय से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत जनपद के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) के साथ वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक की।
बैठक में आलेख्य प्रकाशन के बाद अर्ह नागरिकों एवं निर्वाचकों से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रारूप-6, 7 एवं 8 के माध्यम से प्राप्त दावे-आपत्तियों की प्रारंभिक जांच, डिजिटाइजेशन तथा निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
उन्होंने दावे एवं आपत्तियों से संबंधित पक्षों को नियमानुसार नोटिस जारी करने, सुनवाई करने तथा सुपर चेकिंग की कार्यवाही की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित हो।
बैठक के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा लिए गए अंतिम निर्णय से असंतुष्ट निर्वाचक अथवा अर्ह नागरिक द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली अपील की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सभी चरणों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों में शुद्धता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
