विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर टिहरी में तैयारियां तेज, डीएम नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
08 जून से 07 जुलाई तक घर-घर पहुंचेंगे BLO, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम निर्वाचक नामावली
टिहरी गढ़वाल, 10 जून 2026 | SKS News
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने समस्त नोडल अधिकारियों, ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देशित किया कि मतदाता सूची के गहन परीक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदेय स्थल का भौतिक सत्यापन बीएलओ (BLO) के माध्यम से कराया जाए तथा घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण अद्यतन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा गणना प्रपत्र (Enumeration Form) का वितरण एवं संग्रहण करेंगे। प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ कम से कम तीन बार भ्रमण करेंगे। इसी अवधि के दौरान मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी पूर्ण किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके पश्चात 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। मतदाता ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा समयबद्ध तरीके से कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह, जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अरुण कुमार, राजेंद्र गुंसोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
