नववर्ष से पहले परिवहन व पुलिस विभाग का संयुक्त विशेष अभियान, 33 वाहनों के चालान
टिहरी | दिनांक 31 दिसम्बर, 2025
नववर्ष की पूर्व तैयारियों के तहत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जनपद टिहरी गढ़वाल में परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान नितिका खण्डेलवाल (जिलाधिकारी, टिहरी गढ़वाल) के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में एआरटीओ सत्येंद्र राज के नेतृत्व में कीर्तिनगर एवं चम्बा क्षेत्र में पुलिस व परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत बिना हेलमेट, बिना पंजीयन, बिना बीमा, बिना कर, ओवरलोड, ओवरस्पीड, एचएसआरपी प्लेट के अभाव तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस जैसे मामलों में कुल 33 वाहनों के चालान किए गए।
जांच के दौरान एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। तत्पश्चात संबंधित वाहन को सीज करते हुए चालक को कीर्तिनगर पुलिस के सुपुर्द किया गया। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित व जिम्मेदार वाहन संचालन सुनिश्चित करें।
संयुक्त प्रवर्तन कार्यवाही में कीर्तिनगर क्षेत्र से पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक मोहन प्रसाद रतूड़ी तथा परिवहन विभाग से नीलेश कुमार (आर.आई.), अर्जुन, विपिन (परिवहन सहायक निरीक्षक) और रोहन (प्रवर्तन आरक्षी) शामिल रहे। वहीं चम्बा क्षेत्र में त्यागेन्द्र रावत, मोनिका, प्रवर्तन आरक्षी नरेश एवं होमगार्ड की सहभागिता रही।
