08 से 14 अगस्त तक रंगोली, निबंध, स्लोगन, संगीत, काव्यपाठ और भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, तिरंगा रैली से घर-घर पहुंचाया संदेश
पोखरी (क्वीली), टिहरी।, 14 अगस्त 2025 — आज़ादी का अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए शहीद बेलमती चौहान राजकीय महाविद्यालय, पोखरी (क्वीली), टिहरी में 08 से 14 अगस्त 2025 तक देशभक्ति से ओत-प्रोत विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
कार्यक्रमों की शुरुआत 08 अगस्त को तिरंगे से प्रेरित रंगोली प्रतियोगिता से हुई, जिसमें अंजना, वंदना और पूनम के समूह ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद 11 अगस्त को “तिरंगा महोत्सव” शीर्षक से निबंध लेखन और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित हुई।
12 अगस्त को तिरंगा संगीत एवं काव्यपाठ प्रतियोगिता में मनीषा, पूनम नौटियाल, जैस्मिन और कोमल विजेता रहे, जबकि काव्यपाठ में सोनम, कोमल और प्रिया ने स्थान प्राप्त किया।
श्रृंखला का समापन 14 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं तिरंगा रैली के साथ हुआ। भाषण प्रतियोगिता में प्रिया, कोमल और काजल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए। एकल नृत्य में निकिता, पूनम और मनीषा विजेता रहीं।
इन सभी कार्यक्रमों की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. शशि बाला वर्मा ने की। आयोजन में डॉ. गणेश भागवत जुयाल, डॉ. बन्दना सेमवाल, प्रो. डी. पी. सिंह, श्रीमती सरिता देवी, डॉ. मुकेश सेमवाल और महाविद्यालय के अन्य शिक्षकों व कर्मचारियों का योगदान रहा।
तिरंगा रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने पूरे नगर में घर-घर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया। इन गतिविधियों ने न केवल विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को प्रबल किया, बल्कि एकता और सम्मान का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया।
