शिक्षा मंत्री ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, कहा— वरिष्ठता विवाद पर विधि विभाग से परामर्श लेकर न्यायालय में दाखिल होगा ठोस जवाब, धारा-27 के अंतर्गत स्थानांतरण प्रक्रियाएं होंगी तेज
देहरादून, 28 अगस्त 2025।
विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत शिक्षकों की वरिष्ठता विवाद से उपजी परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। अब पात्र शिक्षकों को अंतरिम प्रमोशन (Interim Promotion) का लाभ मिलेगा। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने तथा विधि विभाग से परामर्श लेकर न्यायालय में ठोस व तथ्यात्मक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठता विवाद के बीच अंतरिम राहत
डॉ. रावत ने कहा कि सरकार की मंशा है कि सभी पात्र शिक्षकों को जल्द से जल्द पदोन्नति का लाभ दिया जाए। लेकिन चूंकि वरिष्ठता सूची का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए सरकार ने अंतरिम प्रमोशन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। इससे विद्यालयों में शिक्षण एवं मूल्यांकन कार्य प्रभावित नहीं होंगे और छात्र-छात्राओं को भी इसका लाभ मिलेगा।
धारा-27 के अंतर्गत स्थानांतरण
समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धारा-27 के अंतर्गत स्थानांतरण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि असाध्य रोगों से ग्रसित अध्यापकों और अन्य पात्र मामलों का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजा जाए ताकि स्थानांतरण प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक में डॉ. रावत ने शिक्षा विभाग को कई अहम निर्देश दिए, जिनमें शामिल हैं:
- राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) का प्रशासनिक ढांचा पुनर्गठन।
- उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अधिसंख्या अध्यापकों का समायोजन।
- प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक विद्यालय का उच्चीकरण।
- एनईपी-2020 (राष्ट्रीय शिक्षा नीति) के अनुरूप कक्षा 1 से 8 तक का नया पाठ्यक्रम तैयार करना।
- डी श्रेणी के विद्यालयों के पुनर्निर्माण/मरम्मत हेतु प्रस्ताव शीघ्र नाबार्ड को भेजना।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस समीक्षा बैठक में विद्यालयी शिक्षा सचिव रविनाथ रमन, सचिव न्याय प्रशांत जोशी, अपर सचिव कार्मिक ललित मोहन रयाल, विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह, उप सचिव माध्यमिक शिक्षा ऋचा, अनु सचिव विकास श्रीवास्तव, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, निदेशक संस्कृत शिक्षा डॉ. आनंद भारद्वाज, अपर निदेशक एससीईआरटी पदमेन्द्र सकलानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
