पौराणिक शिवालय परिसर श्रीमहादेव ग्राम छाती में हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
नकोट, टिहरी। रिपोर्टः अनुराग चौहान
चम्बा प्रखण्ड की मखलोगी पट्टी स्थित श्रीमहादेव ग्राम छाती में पहली बार पौराणिक शिवालय परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत छाती के युवकों एवं नव निर्वाचित जन-प्रतिनिधियों के सहयोग से यह उत्सव ऐतिहासिक रूप में सम्पन्न हुआ।
पहली बार छाती शिवालय में जन्मोत्सव का आयोजन
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर श्रीमहादेव मन्दिर छाती प्रांगण में श्रद्धा और उल्लास के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर नव निर्वाचित युवा क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल कुठ्ठी, ग्राम प्रधान सुरेन्द्र नेगी, विजय सिंह (विरेन्द्र) चौहान, दर्मियान सिंह गरख्वाल, दीपेन्द्र रावत, मनवीर रावत, विनोद रावत, आशीष चौहान, ग्राम की मातृशक्ति एवं आस-पास के गांवों के भक्त भारी संख्या में शामिल हुए।
इस दौरान अधिकांश युवा एवं मातृशक्ति पीताम्बर धारण किए हुए नजर आए, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया।
दर्मियान सिंह गरख्वाल के आवास से कान्हा का आगमन
गांव के युवा दर्मियान सिंह गरख्वाल ने अपने आवास पर भगवान श्रीकृष्ण का प्रतिरूप कान्हाजी स्थापित किया हुआ है। जन्मोत्सव के अवसर पर उन्हें परिपूर्ण साज-सज्जा और गाजे-बाजों के साथ पौराणिक शिवालय प्रांगण तक लाया गया। यहां भक्तों ने नाचते-गाते हुए हर्षोल्लास से उनका स्वागत किया।
मटकी फोड़ कार्यक्रम बना आकर्षण
जन्मोत्सव के दौरान बच्चों द्वारा मटकी फोड़ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसने उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया। गांव के युवा, बच्चे, बुजुर्ग और मातृशक्ति नाचते-गाते हुए जन्माष्टमी महोत्सव का आनंद लेते रहे।
पंचगव्य प्रसाद का वितरण
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित भक्तों को मटकी का पंचगव्य प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्रीकृष्ण की जय-जयकार के साथ आयोजन को यादगार बना दिया।
