श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952, देहरादून द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव में जन्माष्टमी के अवसर पर हनुमान ध्वजा की स्थापना
परंपरागत पूजा-अर्चना और गढ़वाली ढोल-दमाऊ की गूंज ने बढ़ाया कार्यक्रम का आकर्षण।
देहरादून।
देहरादून के रेसकोर्स स्थित श्री गुरु नानक मैदान में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर हनुमान ध्वज स्थापना के साथ उत्तराखंड की भव्य रामलीला महोत्सव 2025 का शुभारंभ हुआ।
इस आयोजन का नेतृत्व श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952, देहरादून ने किया, जिसका उद्देश्य प्रदेश की ऐतिहासिक रामलीला परंपरा को पुनर्जीवित करना है।
हनुमान ध्वजा स्थापना के दौरान पूजा, हवन और परिक्रमा का आयोजन हुआ। ढोल-दमाऊ की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर धार्मिक उत्सव को और भव्य बना दिया।
समिति के अध्यक्ष अभिनव थापर ने बताया कि 1952 से पुरानी टिहरी में होने वाली ऐतिहासिक रामलीला की परंपरा के अनुसार जन्माष्टमी पर ध्वज स्थापना के साथ ही रिहर्सल आरंभ किया जाता था। उसी परंपरा को अब देहरादून में आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर स्व. प्रेमदत्त ड्यून्डी (1952 के प्रथम अध्यक्ष) के पौत्र दीपक ड्यून्डी और 50 साल बाद फिर से रामलीला पात्र निभाने वाले बछेंद्र पांडे ने विशेष रूप से भाग लिया।
पिछले वर्ष (2024) आयोजित रामलीला ने रिकॉर्ड 55 लाख दर्शकों तक पहुंच बनाई थी।
रामलीला महोत्सव 2025 का आयोजन शारदीय नवरात्र के अवसर पर 22 सितंबर से 03 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा। इसमें चौपाई, कथा, संवाद और मंचन को पारंपरिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा, लेकिन तकनीक के संगम से इसमें आधुनिकता का भी समावेश होगा।
🎭 विशेष आकर्षण:
- Laser & Sound Show
- भव्य मेला
- Digital Live Telecast
इस कार्यक्रम में अध्यक्ष अभिनव थापर, सचिव अमित पंत, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व पार्षद जितेंद्र गोला, दीपक ड्यून्डी, बछेंद्र पांडे, गिरीश पैनुली, दुर्गा भट्ट, नीता बहुगुणा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
