समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक में छात्रवृत्ति, कुपोषण, नशा उन्मूलन और योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर
‘‘समाज की सेवा ही समाज का कल्याण कर सकती है’’ – देशराज कर्णवाल
टिहरी, 15 मई 2025: विकास भवन सभागार, नई टिहरी में गुरुवार को उपाध्यक्ष, समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति, देशराज कर्णवाल की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति/जनजाति के व्यक्तियों की समस्याओं पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अटल आवास योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को ₹1.30 लाख के चेक और चाबियां सौंपी गईं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लाभार्थियों को छड़ी एवं कान की मशीन वितरित की गई।
उपाध्यक्ष ने 2024-25 की समाज कल्याण योजनाओं की उपलब्धियों और बजट व्यय की समीक्षा की और सभी विभागों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को एससी/एसटी अधिनियम-1989 के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति के गठन और अत्याचार/उत्पीड़न के मामलों में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग से नशा नियंत्रण पर विशेष अभियान चलाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
श्री कर्णवाल ने पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति की 100% उपलब्धता सुनिश्चित करने और योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार करने की बात कही। उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर के सपनों को साकार करने हेतु विशेष शिविर आयोजित करने की बात भी रखी।
उन्होंने शिक्षा विभाग को कक्षा 1 से 12 तक एससी/एसटी छात्रों का डेटा देने को कहा। साथ ही, बाल विकास विभाग को अगले दो महीनों में 104 कुपोषित बच्चों को स्वस्थ करने के निर्देश दिए गए।
डीपीआरओ को पंचायत भवन निर्माण, खाद्य विभाग को डीलरों की शिकायतों का समाधान और स्मार्ट पीडीएस प्रणाली को शीघ्र लागू करने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को विकलांग प्रमाण पत्र बनाने और निःशुल्क सुविधाएं देने में तेजी लाने को कहा गया।
उपस्थित अधिकारी: सीडीओ वरुणा अग्रवाल, सीएमओ श्याम विजय, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम, जनप्रतिनिधि खेम सिंह चौहान, विजय कठैत सहित सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
