सहकारिता में साथ मिलकर काम करेंगे हरियाणा और उत्तराखंड, डॉ. धन सिंह रावत ने किया हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक का दौरा
सहकारी बैंकिंग के नवाचारों का होगा आदान-प्रदान, किसानों के लिए ब्याज मुक्त ऋण योजना की सफलता भी साझा की
चंडीगढ़/देहरादून, 6 अगस्त 2026 | SKS News
उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने एक दिवसीय चंडीगढ़ प्रवास के दौरान हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड के मुख्यालय का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने बैंक की कार्यप्रणाली, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का अवलोकन किया तथा दोनों राज्यों के बीच सहकारिता क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
सहकारिता आंदोलन को मिलेगी नई दिशा
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि हरियाणा ने सहकारी बैंकिंग के क्षेत्र में नवाचार, पारदर्शिता और जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और हरियाणा के बीच अनुभवों एवं उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान किया जाएगा, जिससे दोनों राज्यों में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सहकारिता मॉडल को लगातार मजबूत कर रही है।
ब्याज मुक्त ऋण योजना की साझा की सफलता
डॉ. रावत ने बैठक के दौरान उत्तराखंड सरकार की दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण वितरण योजना की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज (ब्याज मुक्त) ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे प्रदेश के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है तथा कृषि गतिविधियों को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि सहकारिता आधारित यह योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
हरियाणा बैंक अध्यक्ष को दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बैंक नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
उत्तराखंड की योजनाओं की हरियाणा में भी सराहना
हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल ने उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड ने सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने विशेष रूप से शून्य प्रतिशत ब्याज ऋण योजना, सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण तथा डिजिटल पहल की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के इन प्रयासों की चर्चा हरियाणा सहित अन्य राज्यों में भी हो रही है।
बैठक के दौरान बैंक अधिकारियों ने वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग, किसानों के लिए संचालित योजनाओं तथा सहकारी बैंकिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तृत पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण भी दिया।
इस अवसर पर हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रफुल्ल रंजन, महाप्रबंधक उर्वशी गुप्ता, उप महाप्रबंधक सुधा शर्मा, प्रबंधक जसपाल पंवार सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
