सड़क, प्रमाण पत्र, सुरक्षा दीवार व पेंशन से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
टिहरी | 05 जनवरी 2026
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के क्रम में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, नई टिहरी में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनता दरबार में आम नागरिकों द्वारा मोटर मार्ग निर्माण, सड़क सुधारीकरण, झाड़ी कटान, प्रमाण पत्र निर्गमन, सुरक्षा दीवार निर्माण सहित कुल 33 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
तहसील देवप्रयाग के ग्राम-नगर पट्टी बनगढ़ निवासी श्रीमती बबली देवी द्वारा अपने दिवंगत पिता मंगलू पुत्र थेपडू (निवासी ग्राम गोदी सिरांई, पट्टी जुवा, तहसील टिहरी) का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग पर एसडीएम टिहरी को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
एफ-ब्लॉक, नई टिहरी निवासी गब्बर सिंह पंवार द्वारा राजकीय (पूल्ड) आवास की मरम्मत की मांग पर संबंधित विभाग को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं तहसील प्रतापनगर निवासी ओखला धनवीर सिंह रावत द्वारा ओखला–मोटणा–मदननेगी मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से अनु बस्ती ओखला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय को हुए नुकसान की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को सुरक्षा दीवार निर्माण एवं मलबा हटाने के निर्देश दिए गए।
ग्राम सौन्दकोटी बादशाहीथौल निवासी सुरजा खत्री द्वारा अपने दिवंगत पति स्व. जीत राम की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ), पेंशन एवं अन्य मदों की अवशेष धनराशि के भुगतान की मांग पर वरिष्ठ कोषाधिकारी को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार तहसील बालगंगा के ग्राम मयकोट, पोस्ट सुनारगांव निवासी राजेंद्र लाल द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाटा–चमियाला के पास अत्यधिक कांटेदार झाड़ियों के कारण उत्पन्न असुविधा की शिकायत पर सीएमओ को आवश्यक कार्यवाही कर झाड़ियों को अन्यत्र स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की।
जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार, उप-जिलाधिकारी प्रतापनगर स्नेहिल कुंवर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ श्याम विजय, उप-जिलाधिकारी टिहरी संदीप सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
