राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने सरकारी व निजी अस्पतालों में दी आयुष्मान व एबीडीएम की जानकारी, भ्रम से बचने की अपील
देहरादून | उत्तराखंड
राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण की ओर से देहरादून जनपद के विभिन्न सरकारी एवं निजी चिकित्सा संस्थानों में आयुष्मान भारत योजना को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अस्पतालों में भर्ती मरीजों, उनके तीमारदारों तथा ओपीडी में आने वाले लोगों को आयुष्मान योजना एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही आयुष्मान योजना से संबंधित पंपलेट एवं अन्य प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया।
यह अभियान राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के अध्यक्ष अरविंद सिंह ह्यांकी तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी रीना जोशी के निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया गया।
प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक (आईईसी) नवीन शुक्ला, नवीन चमोली तथा एबीडीएम प्रतिनिधि प्रणव शर्मा द्वारा राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित वय वंदना कार्ड के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनसे शीघ्र कार्ड बनवाने की अपील की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर योजना का लाभ मिल सके।
इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये या एक सप्ताह (जो भी पहले हो) तक के तत्काल उपचार की सुविधा के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया।
एबीडीएम के अंतर्गत आभा आईडी के महत्व, स्वास्थ्य रिकॉर्ड के डिजिटलाइजेशन, स्कैन एंड शेयर व्यवस्था के लाभ तथा जानकारी, सुझाव एवं शिकायतों के निस्तारण के लिए जारी टोल फ्री नंबर की जानकारी भी साझा की गई।
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों से यह अपील भी की गई कि वे आयुष्मान योजना के नाम पर भ्रम फैलाने वाले तत्वों से सावधान रहें और केवल अधिकृत जानकारी पर ही भरोसा करें। योजना की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं सार्वभौमिकता से जुड़ी प्रचार सामग्री भी इस अवसर पर वितरित की गई।
