हेस्को और मानवाधिकार संरक्षण समिति एवं ग्रामीण विकास समिति मिलकर करेंगे पर्यावरण संरक्षण पर कार्य
डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के मार्गदर्शन में जल, जंगल और ज़मीन पर जागरूकता अभियान चलाएगी समिति, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर।
देहरादून/रानीचौरी (टिहरी गढ़वाल):
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले हेस्को संस्थान देहरादून और सामाजिक संगठन मानवाधिकार संरक्षण एवं ग्रामीण विकास समिति, रानीचौरी (टिहरी गढ़वाल) अब संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। यह सहयोग विशेष रूप से नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत जल, जंगल और जमीन के संरक्षण एवं जागरूकता के लिए किया जाएगा।
हेस्को संस्थान के संस्थापक, पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने समिति को इस अभियान में सहयोग देने की सहमति दी है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों, गांवों तथा महिलाओं और छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के साथ-साथ वेस्ट से बेस्ट बनाकर स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण दोनों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जाएगा।
इस अभियान के तहत जल संरक्षण, स्वच्छता, पुनर्चक्रण और पर्यावरणीय शिक्षा पर आधारित कार्यक्रम शीघ्र ही टिहरी गढ़वाल के विद्यालयों में आरंभ किए जाएंगे।
समिति के अध्यक्ष श्री संजय बहुगुणा ने डॉ. जोशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि – “आपके मार्गदर्शन से निश्चित ही हम पर्यावरण के क्षेत्र में ठोस कदम उठाएंगे, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी।”
इस अवसर पर हेस्को संस्थान की ओर से डॉ. राकेश कुमार, डॉ. किरण नेगी, डॉ. हिमानी पुरोहित, मालती जी, अनीता जी तथा उद्यमी सुषमा बहुगुणा भी उपस्थित रहीं।
