246 चिकित्सा इकाइयों पर आयोजित होंगे स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ सेवाएँ, निःशुल्क जाँच और औषधि वितरण का मिलेगा लाभ
टिहरी गढ़वाल, 15 सितम्बर 2025। “स्वस्थ नारी–शक्तिशाली परिवार अभियान” के अंतर्गत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक जनपद टिहरी गढ़वाल में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर आज जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में एन.एच.एम. मिशन निदेशक मनुज गोयल एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि जनपद की कुल 246 चिकित्सा इकाइयों (178 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 54 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 11 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 01 जिला अस्पताल एवं 01 उप जिला चिकित्सालय) में शिविर आयोजित होंगे।
इन शिविरों में लोगों को निःशुल्क ओपीडी, विशेषज्ञ सेवाएँ, ब्लड डोनेशन कैम्प, रक्तदाता पंजीकरण, गर्भवती महिलाओं और किशोर–किशोरियों की हीमोग्लोबिन जाँच, टीबी जाँच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, टीकाकरण, परिवार नियोजन सामग्री का वितरण, आयुष्मान कार्ड व आभा आईडी निर्माण, परामर्श और निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएँगी। साथ ही, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला स्तर पर दिव्यांग प्रमाणपत्र भी बनाए जाएंगे।
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायती राज, समाज कल्याण, आईसीडीएस, शिक्षा, शहरी विकास विभाग और सभी उप जिलाधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एसडीएम संदीप, पीडी डीआरडीए पुष्पेंद्र चौहान, डीडीओ मो. असलम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
