टिहरी झील पर बना 725 मीटर लंबा सस्पेंशन ब्रिज मल्टी कलर लाइटिंग शो के साथ बना सोशल मीडिया सेंसेशन
पर्यटक ले रहे हैं यादगार तस्वीरों का आनंद
चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड आ रहे श्रद्धालुओं के लिए टिहरी झील पर बना डोबरा-चांठी सस्पेंशन पुल एक नया आकर्षण का केंद्र बन गया है। खासतौर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर लौटने वाले यात्री इस पुल पर रुककर सेल्फी और ग्रुप फोटो का लुत्फ उठा रहे हैं।
इस पुल की सबसे बड़ी खासियत है यहाँ शाम को होने वाला रंग-बिरंगी लाइटिंग शो, जो पर्यटकों को दिल्ली के इंडिया गेट या सिग्नेचर ब्रिज जैसी अनुभूति देता है। नई टिहरी और प्रतापनगर से दूर तक इसकी जगमगाहट को देखा जा सकता है।
725 मीटर लंबा और समुद्रतल से 850 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह पुल वर्ष 2020 में जनता को समर्पित किया गया था। पुल न केवल प्रतापनगर और नई टिहरी के बीच की दूरी को कम करता है, बल्कि यह अब एक प्रमुख पर्यटन स्थल में भी बदल चुका है।
महाराष्ट्र से आए संग्राम सिंह ने बताया कि उन्होंने चारधाम यात्रा के बाद टिहरी डैम और झील को देखने का निर्णय लिया और डोबरा-चांठी पुल को देखकर वे अभिभूत हो गए। स्थानीय पर्यटक आशीष ने कहा कि यह पुल अब चारधाम यात्रा की यादों में चार चांद लगाता है।
एक अनोखा दृश्य तब देखने को मिला जब एक दूल्हे, ऋषभ खत्री ने अपनी शादी से पहले पुल पर फोटोशूट करवाया। ऋषभ ने बताया कि यह पल उनके लिए हमेशा के लिए खास रहेगा, और ब्रिज पर बनाई गई ‘रेल’ की फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी लाइक और व्यूज़ मिले।
