टिहरी जनपद में 25,000 लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य, सहकारी समितियों को किया गया सम्मानित, महिलाओं को 69.50 लाख रुपये की ब्याज मुक्त सहायता राशि वितरित
टिहरी/29 मई 2025 – अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के नई टिहरी में सहकारिता गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने सहकारिता की भूमिका, योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखंड सहकारिता क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कदम उठा रहा है। प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने सहकारी समितियों के चुनाव में महिलाओं को 30% आरक्षण देने की पहल की है। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि टिहरी जनपद में 25,000 महिलाएं लखपति दीदी के रूप में उभरें, जिसके लिए व्यापक योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मिलेट मिशन में टिहरी बना उदाहरण
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि उत्तराखंड में मिलेट (मंडवा) की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा मिलेट मिशन चलाया जा रहा है। टिहरी जनपद इस मिशन में उल्लेखनीय भूमिका निभा रहा है।
जनपद में कुल 2728 किसानों से 1664.910 क्विंटल मंडवा की खरीद की गई है। इस खरीद में जन विकास सहकारी समिति, नरेंद्रनगर के गोविंद दर्शन द्वारा 281.5 क्विंटल, बाल गंगा किसान उत्पादक समिति द्वारा 200 क्विंटल, और एमपैक्स महड देवप्रयाग द्वारा 33.5 क्विंटल मंडवा खरीदा गया। तीनों समितियों को मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
महिलाओं को मिली आर्थिक संबलता
कार्यक्रम के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों को ब्याज मुक्त 0% दर पर कुल ₹69.50 लाख के चेक वितरित किए गए। डॉ. रावत ने कहा कि यह सहायता राशि महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि “अब महिलाएं घर की मुखिया बन रही हैं और सहकारिता उनके सपनों को साकार करने का माध्यम बन रही है।”
गोष्ठी में हुई महिला सहभागिता
गोष्ठी में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने विचार और अनुभव साझा किए। उन्होंने सहकारिता के माध्यम से हुए सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण की कहानियाँ बताईं। अन्य वक्ताओं ने भी सहकारिता आंदोलन और महिला सशक्तिकरण को लेकर विचार प्रस्तुत किए।
विशिष्ट उपस्थिति:
इस अवसर पर विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सुभाष रमोला, मंडल अध्यक्ष नरेश पवार, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, सहित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
