वरिष्ठ भाजपा नेताओं मोर सिंह धनोला और सत्येन्द्र धनोला ने किया शुभारंभ, अन्य प्रत्याशियों ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार को दी गति
📍 रिपोर्ट: नकोट, टिहरी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत गौंसारी वार्ड-19 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी गजेन्द्र खाती ने शनिवार को नकोट कस्बे में अपने चुनावी कार्यालय का शुभारंभ कर चुनाव प्रचार में तेज़ी ला दी है।
मुख्य बाजार नकोट में खुले इस कार्यालय का विधिवत उद्घाटन भाजपा के वयोवृद्ध समाजसेवी मोर सिंह धनोला एवं निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य सत्येन्द्र धनोला द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुरुषोत्तम उनियाल ने किया, जबकि अध्यक्षता चुनाव प्रभारी मकान सिंह ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार की रणनीतियों और संगठनात्मक समन्वय पर मार्गदर्शन भी दिया।
इस मौके पर भाजपा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें विशेष रूप से पूर्व पीटीए अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत, पूर्व प्रधान भगवान सिंह बिष्ट, कुलबीर नेगी, जगवीर सिंह रावत, रमेश सिंह नेगी, रमेश उनियाल, कुंवर सिंह धनोला, बलबीर लाल, और प्यारे लाल उनियाल प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि भाजपा समर्थित गजेन्द्र खाती को भारी मतों से विजयी बनाकर भाजपा का जिला पंचायत में परचम लहराया जाएगा।
📢 अन्य प्रत्याशियों का प्रचार अभियान भी हुआ तेज़:
गौंसारी वार्ड से ही चुनाव मैदान में उतरे अन्य प्रत्याशी भी प्रचार अभियान में सक्रिय हो गए हैं। समाजसेवी व पूर्व सैनिक एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना धनोला के पति भूपेन्द्र धनोला भी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पूरे जिला पंचायत वार्ड के प्रत्येक गांव में जाकर घर-घर सम्पर्क साधा है और उन्हें मतदाताओं का व्यापक समर्थन हासिल हो रहा है।
मखलोगी प्रखंड में भूपेन्द्र धनोला, ताजबीर खाती, कुशला नन्द उनियाल एवं मकान सिंह असवाल ने अलग-अलग गांवों का व्यापक दौरा करते हुए जनसंपर्क किया और अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
