राजनैतिक दलों की उपस्थिति में हुई कार्यवाही, सीसीटीवी और सुरक्षा इंतज़ामों की जांच, बारिश के बाद वेयरहाउस की छत पर वाटरप्रूफिंग कराने के निर्देश।
टिहरी गढ़वाल, 05 सितम्बर 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने शुक्रवार को ईवीएम–वीवीपीएटी वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूरी कार्यवाही पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
निरीक्षण में सभी ईवीएम मशीनें सुरक्षित और सही अवस्था में पाई गईं। वेयरहाउस को खोलने और बंद करने की प्रक्रिया सील्ड दरवाजों के साथ राजनैतिक दलों और पदाधिकारियों की मौजूदगी में की गई। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पाया गया कि सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं और सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निरीक्षण प्रक्रिया पर सहमति और संतोष व्यक्त किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वेयरहाउस भवन में बारिश के कारण छत से पानी रिसाव की समस्या को बरसात के बाद वाटरप्रूफिंग द्वारा दूर किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार, बीजेपी प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवीन सेमवाल, बसपा प्रदेश सचिव सुशील पांडे, निर्वाचन विभाग से जवाहर सिंह, देवेंद्र कुमार, मनोज भट्ट सहित कई जिम्मेदार अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
