डीवीओ मो. असलम की अध्यक्षता में अलैरू पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में पेयजल, सड़क और जंगली जानवरों से नुकसान की शिकायतें रही प्रमुख, कई मामलों का हुआ मौके पर निस्तारण
टिहरी/24 सितम्बर 2025: थौलधार विकास खंड की अलैरू पंचायत में आज “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन जिला विकास अधिकारी मो. असलम की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम में 13 विभागों की ओर से कुल 21 मांगें और शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कई का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
शिकायतों में मुख्यतः पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण व मरम्मत, बंदरों एवं अन्य जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान, तथा शिक्षा व्यवस्था से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे।
डीवीओ मो. असलम ने ग्राम प्रधान एवं विकासखंड अधिकारियों को उद्यानिकरण और अरोमेटिक खेती के प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने गांव में आरसेटी के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिए जा रहे प्रशिक्षण का भी निरीक्षण किया। प्रशिक्षण में महिलाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रिंगाल और मूंज घास से टोकरी, डस्टबिन, लैंप, डलिया जैसी उपयोगी वस्तुएं बनाना सीख रही हैं।
महिलाओं के इस प्रयास को ग्रामीण स्तर पर आत्मनिर्भरता और आय सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी, ग्राम प्रधान, खंड विकास अधिकारी स्नेह नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
