सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल की अध्यक्षता, जिला स्तरीय अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी
टिहरी/दिनांक 28 सितंबर, 2025।
उत्तराखण्ड सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत ग्राम्य विकास विभाग एवं पंचायतीराज विभाग, टिहरी गढ़वाल द्वारा दो दिवसीय RTI प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 26 एवं 27 सितम्बर 2025 को विकास भवन, नई टिहरी गढ़वाल में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने की।
प्रशिक्षण में जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम और जिला पंचायतराज अधिकारी मुस्तफा खान ने अधिनियम की विभिन्न धाराओं पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रथम दिवस 26 सितम्बर 2025 को विकास खण्ड जाखणीधार, थौलधार एवं चम्बा के अधिकारी शामिल हुए, जबकि द्वितीय दिवस 27 सितम्बर 2025 को जौनपुर, नरेन्द्रनगर और देवप्रयाग विकास खण्डों के लोक सूचना अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं सहायक खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को सूचना का अधिकार अधिनियम की प्रक्रियाओं और प्रावधानों से अवगत कराना तथा पारदर्शी प्रशासन को सुदृढ़ बनाना रहा।
