सिद्धपीठों और टिहरी झील क्षेत्र में 30 कुंतल कचरा एकत्रित, विद्यार्थियों की रचनात्मक सहभागिता
टिहरी/27 सितंबर 2025। विश्व पर्यटन दिवस 2025 के अवसर पर टिहरी गढ़वाल जिले में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिले के प्रमुख सिद्धपीठों — श्री सुरकंडा देवी मंदिर, कुंजापुरी देवी मंदिर, चन्द्रबदनी देवी मंदिर, टिहरी झील तथा ऋषिकेश गंगा नदी के तटों पर एक साथ आयोजित हुआ।
अभियान में मंदिर समितियों, व्यापार मंडल, स्थानीय व्यवसायियों, एडीबी परियोजना, गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति और राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान नई टिहरी के विद्यार्थी व स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सामूहिक प्रयासों से लगभग 30 कुंतल कचरा एकत्र कर सुरक्षित निस्तारित किया गया।
इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस 2025 की थीम “Tourism and Sustainable Transformation” को ध्यान में रखते हुए, कोटी कॉलोनी स्थित सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर में चित्रकला और निबंध लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने स्वच्छ पर्यटन के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने कहा —
“हमें अपने धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना चाहिए। स्वच्छ वातावरण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों दोनों को सुविधा मिलती है, साथ ही क्षेत्र की छवि भी उज्ज्वल होती है।”
उन्होंने सभी नागरिकों और पर्यटकों से अपील की कि वे कचरा खुले में न फेंककर केवल निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें।
सोबत राणा ने बताया कि नगर पालिका एवं नगर पंचायतों की मदद से पर्यटन स्थलों पर निरंतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है और जगह-जगह डस्टबिन लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल विश्व पर्यटन दिवस की थीम को सार्थक करता है, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से यह संदेश भी देता है कि —
👉 “स्वच्छता ही सतत पर्यटन का आधार है।”
इस अवसर पर दरमयान सिंह नेगी, संजय, बलवंत, उम्मेद सिंह राणा, संदीप पंवार, विपिन चौहान आदि मौजूद रहे।
