कांग्रेस प्रवक्ता बोले— हिमाचल व उत्तराखंड को आपदा राहत में नहीं मिली पर्याप्त मदद, यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग
नई टिहरी। अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर पहाड़ी राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भीषण आपदा आई, जिससे हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन केंद्र सरकार ने केवल औपचारिकता निभाते हुए ऊंट के मुंह में जीरा जैसी राहत राशि दी।
राठौर ने कहा कि वर्तमान समय में पार्टी में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कांग्रेसजनों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इसका लाभ 2027 विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।
उन्होंने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) के पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई जांच की भी मांग की। राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पेपर लीक की गंभीरता को स्वीकारने के बजाय इसे साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश की और छात्रों को गुमराह किया।
उनका कहना था कि राज्य सरकार और आयोग का रवैया पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना रहा है और नकल विरोधी कानून की पोल खुल चुकी है।
कुलदीप राठौर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान में कार्यकर्ताओं ने बड़े उत्साह से भाग लिया है, उनके सुझाव हाईकमान तक भेजे जाएंगे और शीघ्र ही जिला एवं महानगर अध्यक्षों की नियुक्तियां की जाएंगी।
अंत में उन्होंने हिमाचल व उत्तराखंड, दोनों पहाड़ी राज्यों के साथ केंद्र सरकार के सौतेले व्यवहार की कड़ी आलोचना की।
