शिकायतकर्ता की संतुष्टि को समाधान का मानक माना जाएगा, टिहरी में 98% शिकायतों का निस्तारण सराहनीय—डीएम नितिका खण्डेलवाल
टिहरी/03 अक्टूबर, 2025। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही समाधान का वास्तविक मानक होगी। उन्होंने विश्वविद्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित करने, मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने सभी जिलाधिकारियों को नियमित जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित करने और लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को यह भी आदेश दिया गया कि वे हर माह की 5 तारीख तक सीएम कार्यालय को शिकायतों की स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद टिहरी में 98 प्रतिशत शिकायतों के निस्तारण हेतु अधिशासी अभियंता विद्युत अमित आनंद की सराहना की। इस दौरान श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की मार्कशीट संबंधी शिकायत का भी मौके पर समाधान किया गया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीएफओ पुनीत तोमर, एडीएम अवधेश कुमार, सीएमओ डॉ. श्याम विजय समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
