बौराड़ी स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने, सड़कों के डामरीकरण, रोपवे निर्माण और हिल कैंपस स्थापना पर हुई चर्चा
टिहरी। जनपद टिहरी के जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में शुक्रवार को टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था।
बैठक में प्रमुख रूप से बौराड़ी स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने, टिहरी की आंतरिक सड़कों के डामरीकरण, आईआईटी के हिल कैंपस की स्थापना तथा कोटि कॉलोनी से बुराड़ी तक रोपवे निर्माण सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने ईओ टिहरी, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम, अधीक्षण अभियंता लोनि कमल सिंह नेगी, क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, अधिशासी अभियंता बुराड़ी योगेश, अधिशासी अभियंता चम्बा जगदीश खाती, पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
