मुख्य अतिथि सीआईआई निदेशक गौरव लांबा ने किया प्रशिक्षुओं का सम्मान, कौशल भारत अभियान को आत्मनिर्भर भारत से जोड़ने का आह्वान
देहरादून। राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई), देहरादून में 2024–25 सत्र के उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं के लिए चतुर्थ दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में विज्ञान भवन, नई दिल्ली से आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कौशल दीक्षांत समारोह के सीधे प्रसारण के बाद हुआ।
एनएसटीआई देहरादून में संचालित विभिन्न ट्रेडों में कुल 315 प्रशिक्षु इस वर्ष उत्तीर्ण हुए। मुख्य अतिथि श्री गौरव लांबा, निदेशक, भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), उत्तराखण्ड राज्य ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कौशल भारत अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षु आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी को अपने कौशल को उद्योग और उद्यमिता के साथ जोड़कर समाज और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आईएसडीएस उप निदेशक/प्राचार्य, एनएसटीआई देहरादून श्री ज्ञान प्रकाश चौरसिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और प्रशिक्षुओं को सफलता की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संस्थान केवल तकनीकी दक्षता ही नहीं प्रदान करता बल्कि प्रशिक्षुओं को रोजगारोन्मुखी और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी अग्रसर करता है।
दीक्षांत समारोह में आरडीएसडीई उत्तराखण्ड के आईएसडीएस अधिकारी श्री आर्यन जांगड़ा, श्री गजेंद्र कोली और श्री इंद्रपाल सिंह उपस्थित रहे। वहीं एनएसटीआई देहरादून के संकाय सदस्य श्री नरेश कुमार, श्री आर.पी. आर्य, श्री जे.एस. गांधी, श्रीमती रंजिनी कुमार और श्री मनीष ममगाईं सहित संस्थान के सभी कर्मचारी और प्रशिक्षु भी मौजूद रहे।
